
नवभास्कर न्यूज.हरियाणाः भाजपा नेता व टिक-टॉक स्टार सोनाली फोगाट को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें जमानत भी मिल गई है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने सोनाली फोगाट को बुधवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया। जहां वकीलों की दलीलों के बाद सोनाली फोगाट को जमानत भी मिल गई।
गौरतलब है कि सोनाली फोगाट ने बालसमंद में मार्केट कमेटी सचिव सुलतान सिंह को चप्पलों और थप्पड़ों से पीटा था। सुल्तान सिंह पर उन्होंने आरोप लगाया था कि सुलतान सिंह ने उन पर और अन्य महिलाओं पर अभद्र फब्तियां कसीं थीं।
सोनाली फोगाट ने महिला आयोग में भी अपने बयान दर्ज करवाए थे। फोगाट खाप ने सोनाली प्रकरण से खुद को अलग कर लिया था।किंतु बिनैन खाप सुलतान सिंह के पक्ष में उतर आई। बिनैन खाप ने गांव सच्चा खेड़ा में कई दौर की बैठकें भी की थीं।
बिनैन खाप ने अपनी आखिरी बैठक के बाद हरियाणा सरकार को अल्टीमेटम दिया था कि अगर पुलिस ने 22 जून तक सोनाली फोगाट को गिरफ्तार नहीं किया, तो बिनैन खाप आंदोलन करेगी। बिनैन खाप के बीच में आ जाने से भाजपा दबाव में आ गई।
दरअसल बरौदा में उप चुनाव है, जहां भाजपा को नुकसान हो सकता है। इसलिए माना जा रहा है कि गतिरोध को टालने के लिए सोनाली फोगाट को गिरफ्तार किया गया।
(रिपोर्टःयोगेश अग्रवाल.)