
-व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक ईश्वर दयाल गोयल ने किया आयोजन
नवभास्कर न्यूज. बल्लभगढ़ः केंद्र में भाजपा सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर बल्लभगढ़ की अग्रवाल धर्मशाला में महा जनसंपर्क अभियान के तहत व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के आयोजक भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक ईश्वर दयाल गोयल ने कार्यक्रम में आए मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री एवं वर्तमान में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य अरुण चतुर्वेदी का पगडी व शाल ओढाकर स्वागत किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में आए हरियाणा के कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा एवं हरियाणा व्यापार कल्याण बोर्ड के चेयरमैन एवम् व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बालकिशन अग्रवाल का व्यापारियों ने फूल मालाओं से व पगड़ी पहनाकर जोरदार स्वागत किया।
कृष्णपाल गूर्जर ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की जनता ने शानदार 9 वर्ष पूरे किए हैं। ये नौ साल वास्तव में भारत के लिए युग परिवर्तनकारी रहे हैं। गूर्जर ने कहा कि इस कालखंड में देश ने जिन ऊँचाइयों को छूआ है, वह निस्संदेह ऐतिहासिक हैं। बीते 9 वर्ष वास्तव में भारत के नवनिर्माण के, गरीब कल्याण के 9 वर्ष रहे हैं। आज पूरी दुनिया कह रही है कि 21वीं सदी भारत की सदी है। बीते 9 सालों में भारत ने पॉलिसी पैरालिसिस’ से ‘डिसाइसिव पॉलिसी’ और अर्थव्यवस्था में ‘फ्रेजाइल फाइव’ से ‘टॉप फाइव’ की यात्रा की है।
कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि भारत ने बीते 9 साल में एक पार्टी के ‘अपना परिवार अपना विकास’ की नीति को दरकिनार कर ‘सबका साथ, सबका विकास’ की कहानी लिखी है। भाजपा ने जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति को समाप्त कर विकासवाद की राजनीति प्रतिष्ठित की है।
इस सम्मेलन में भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहें। इस मौके पर वस्त्र व्यापार मंडल के प्रधान संजय गुप्ता, प्रेम खट्टर,राम जुनेजा,बिशन बंसल,कैलाश गर्म,कन्हैया गर्ग,प्रवीण गर्ग व जितेंद्र बंसल आदि सहित सैकडों व्यापारी मौजूद रहे। ईश्वर दयाल गोयल ने व्यापारी सम्मेलन में आए हुए सभी व्यापारियों का स्वागत व धन्यवाद किया।