
नवभास्कर न्यूज. फरीदाबादः बेटी को जन्म देना एक मां के लिए मुसीबत बन गया। आखिरकार मां के प्राणों की आहुति लेने के बाद ही ससुराल वालों को चैन आया। मामला फरीदाबाद के गांव झाडसैंतली का है।
गांव भनकपुर के रहने वाले शिवराज का आरोप है कि 9 मई2022 को उसकी बहन ममता की ससुराल वालों ने मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी। और अब भी हत्या के कई आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। कई बार बड़े पुलिस अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बाद भी 3 आरोपी अब भी नहीं पकडे जा सके हैं।
शिवराज ने बताया कि 19 जून 2020 को उन्होंने अपनी बहन ममता की शादी झाड़सेंतली में की थी। उसके बाद से ही उनकी बहन के पति, दो ननदें, सास एवं देवर ने दहेज़ माँगना शुरू कर दिया और ममता को प्रताड़ित करने लगे। ममता पिता की इज्ज्त की खातिर ससुराल वालों के सारे जुल्म चुपचाप सहती रही।
उसके बाद 9 माह पूर्व उनकी बहन ने एक बेटी को जन्म दिया। बेटी को जन्म देने के बाद ससुराल वालों ने ममता पर ज्यादा अत्याचार करने शुरू कर दिए। आए दिन उसे ताने देकर परेशान किया जाने लगा।
शिवराज का आरोप है कि उनकी बहन ने कई बार उन्हें बताया कि वो लोग मेरी हत्या कर सकते हैं। शिवराज के मुताबिक़ 9 मई 2022 को ममता के पति, दोनो ननद, सास और देवर ने मिलकर ममता को बुरी तरह मारा पीटा और उसकी हत्या कर दी। शिवराज का कहना है कि जब ममता के मरने की सूचना उन्हें मिली तो वह मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि उनकी बहन के पूरे शरीर पर चोट के निशान हैं। जिससे पता चलता है कि उनकी बहन को उक्त लोगों ने मिलकर बेरहमी से मारा।
इस मामले की एफआईआर थाना सेक्टर 58 में दर्ज है जिसका नंबर 322 है। उनका कहना है कि 5 लोग सीधे तौर पर हत्या में शामिल हैं। पुलिस ने अभी मात्र दो लोगो को ही गिरफ्तार किया है। अन्य पुलिस की पकड़ से दूर है।

शिवराज का कहना है कि हम लोग आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीपी विकास अरोड़ा से भी मिल चुके हैं। उन्होंने इस मामलें में तुरंत कार्रवाई के लिए अधिकारियों को आदेश दिए हैं किंतु अभी तक तीन आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सके हैं। थाना सैक्टर 58 पुलिस का कहना हैं कि मामले की जांच पडताल की जा रही है।जल्द ही अन्य नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाऐगा।