
नवभास्कर न्यूज. फरीदाबादः 30 जनवरी बसंत पंचमी के दिन सेक्टर 16 स्थित श्री आत्म वल्लभ जैन भवन का भव्य उद्घाटन व लोकार्पण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर जैन आचार्य विजय वसंत सुरीश्वर जी महाराज तथा जैन आचार्य विजय जयानंद सुरीश्वर जी महाराज तथा जैन आचार्य जय कीर्ति विजय जी महाराज तथा जैन साध्वी चंदन बालाजी श्रीजी महाराज की पुण्य निश्रा में आयोजन होगा। यह जानकारी आत्मानंद जैन सभा के अध्यक्ष राजकुमार जैन व महासचिव सुशील कुमार जैन ने दी। उन्होंने बताया 30 जनवरी सुबह 8:00 बजे यादव धर्मशाला में नवकारसी का आयोजन होगा। इसके बाद सुबह 9:00 बजे बैंड बाजे के साथ समारोह में आशीर्वाद देने के लिए पहुंचने वाले गुरुजनों का फरीदाबाद नगरी में प्रवेश होगा। तत्पश्चात सुबह 10:00 बजे श्री आत्म वल्लभ जैन भवन का उद्घाटन व लोकार्पण होगा। 10:30 पर धर्म सभा का आयोजन होगा। जिसके मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर होंगे जबकि विशिष्ट अतिथि विधायक नरेंद्र गुप्ता, सीमा त्रिखा व मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव अजय गौड़ होंगे। इसके बाद दोपहर 3:00 बजे श्री मणिभद्र वीर पचारीका पूजा का आयोजन होगा। महासचिव सुशील कुमार जैन ने बताया की 31 जनवरी को सुबह 9:00 बजे आचार्य बुद्धि सागर जी महाराज द्वारा विरचित वास्तु पूजा का आयोजन होगा।