
नवभास्कर न्यूज. फरीदाबादः चांदपुर पुलिस चौकी पर गुरुवार को कुछ ग्रामीणों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने जमकर पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट की। इस हमले में 4 पुलिस कर्मी घायल हो गए। जिनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। लोगों ने चौकी में जमकर तोड़फोड़ भी की।
जानकारी के अनुसार पृथला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली चांदपुर पुलिस चौकी पर गुरुवार सुबह शाहजहांपुर गांव के कुछ आक्रोशित ग्रामीणों ने हमला बोल दिया।
बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले एक विवाद में पुलिस ने शाहजहां पुर के एक युवक को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार युवक नीमका जेल में बंद था। बताया जा रहा है कि युवक ने अज्ञात कारणों से परेशान होकर जेल में आत्महत्या कर ली। किंतु परिजनों का आरोप था कि पुलिसकर्मियों ने उसकी हत्या की है।
इसी से क्रोधित होकर शाहजहांपुर के कुछ ग्रामीणों ने मिलकर गुरुवार को अचानक पुलिस चौकी पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस कर्मियों को जमकर पीटा। कई पुलिस कर्मियों के सिर फट गए।उन्हें गंभीर चोटे आई हैं।ग्रामीणों ने चौकी में खड़े वाहनों को भी तोड डाला। इसके अलावा ग्रामीणों ने पुलिस कर्मियों के मोबाइल फोन भी छीन लिए। फोन छीनकर ले जाने के कारण घायल पुलिसकर्मी अधिकारियों को भी समय पर हमले की सूचना नहीं दे पाए। फिलहाल 4 पुलिस कर्मियों को उपचार के लिए बल्लभगढ़ के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दो पुलिस कर्मियों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस आयुक्त केके राव ने मामले में संज्ञान लेते हुए हमलावरों को गिरफ्तार करने के आदेश दे दिए हैं।
(रिपोर्टःयोगेश अग्रवाल)