
नवभास्कर न्यूज. फरीदाबादः निस्वार्थ गौसेवा व गौशाला को स्वावलम्बी बनाने के प्रयासों के लिए गौशाला ऊँचा गांव के संचालक रूपेश यादव को राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय गौधन महासंघ द्वारा गौभक्त कृपात्री महाराज व अन्य साधुसंतों द्वारा 7 नवम्बर 1966 को दिए गए बलिदान की याद में पूसा इंस्टिट्यूट, दिल्ली में “गौक्रान्ति दिवस” मनाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला व विशिष्ट अतिथि श्रवण कुमार गर्ग (चेयरमैन,हरियाणा गौसेव आयोग), गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज, सुधाशुं महाराज, ओ.पी.चौधरी आदि मौजूद रहे।
इस दौरान गौभक्तों,गौसेवकों और गौउत्पादों का उत्पादन करने वाले गौसेवकों को गौ क्रांति मिशन द्वारा केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वन व प्राप्त लक्ष्यों के बारे में बताया गया। देश मे 19000 हज़ार गौशालाओं में स्थापित 21 करोड़ गौवंश के कल्याण हेतु शीघ्र ही गौकाष्ठ निर्माण की मशीनें प्रदान करने की योजना की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान गौ मानव सेवा ट्रस्ट,गौशाला ऊँचा गांव द्वारा गाय के गौबर के गौकाष्ठ, धूपबत्ती व अन्य उत्पादों की सराहना की गई। गौशाला ऊंचा गांव के मुख्य गौसेवक रूपेश यादव को मंचासीन विशिष्ट अतिथियों द्वारा गौसेवा प्रकल्प व गौमय युक्त उत्पादों के उत्पादन के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया।
(योगेश अग्रवाल.9810366590)