
नवभास्कर न्यूज. फरीदाबाद,29 अप्रैलः कोरोना महामारी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। रोजाना लगभग 15 सौ से अधिक संक्रमित पूरे फरीदाबाद में मिल रहे हैं। नगर निगम और इकोग्रीन मिलकर कोरोना संक्रमित के घर के कूड़ा उठाने के लिए मिलकर प्रयास कर रहे हैं। ताकि कोरोना को फैलने से रोका जा सके। बता दें कि पूरे फरीदाबाद में इकॉग्रीन के 250 से अधिक वाहन घर-घर से कूड़ा उठाने का कार्य कर रहे हैं लेकिन इन वाहनों में अगर कोरोना के घर का कूड़ा भी डाला जाएगा तो संक्रमण फैलने का खतरा रहता है। इसके लिए नगर निगम कर्मचारी और इकोग्रीन के कर्मचारी लोगों को समझा रहे हैं की कोरोना घरों से कूड़ा पीले पॉलीबैग में जो चार वाहन अलग से चलाए गए हैं,उन्हीं में डालें। नगर निगम ने हर वाहन पर 2 कर्मचारियों को लगाया है।

इकोग्रीन के मैनेजर मनीष अग्रवाल ने बताया कि इसके लिए इकोग्रीन के टोल फ्री नंबर 18001025953 पर पहले अपना पूरा पता दर्ज करवाएं और उनके लिए अगले दिन इकोग्रीन के स्पेशल वाहन उन घरों से कूड़ा एकत्रित करेंगे। उन्होंने बताया कि पूरे फरीदाबाद के 40 वार्डों को चार जोन में बांटकर चार अलग-अलग वाहन चलाए गए हैं। वार्ड नंबर 1 से 13, 14 से 21, 22 से 30 और 31 से 40 में एक एक वाहन लगाए गए हैं। इन वाहनों की निगरानी के लिए इकोग्रीन ने विनोद चंदीला की विशेष तौर पर ड्यूटी लगाई है। इकॉग्रीन के विनोद चंदीला ने बताया कि 4 जोन में 4 जोनल इंचार्ज की ड्यूटी हैं कि वह यह सुनिश्चित करते हैं कि जो भी कंप्लेंट आई है उन घरों तक स्पेशल इकोग्रीन के वाहन पहुंचे। मनीष अग्रवाल ने बताया कि तकरीबन 400 घरों से कोविड कूड़ा एकत्रित करा जा रहा है और लगभग 1500 किलो कचरा जसाना में बायो मेडिकल वेस्ट की तर्ज पर निस्तारण किया जा रहा है। वाहन पर लगे कर्मचारियों को गाउन, ग्लव्स, मास्क और सैनिटाइजर रोजाना उपलब्ध कराए जाते हैं। वाहनों को भी रोजाना हाइपोक्लोराइट से सैनिटाइज किया जाता है।
(रिपोर्टःयोगेश अग्रवाल.9810366590)
विज्ञापन

